23 total views
बागेश्वर राज्य में सामाजिक, राजनीतिक और व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के साथ उत्तराखंडी अस्मिता की रक्षा के सवाल पर राज्य की राजनीति में उतरी उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने बागेश्वर उप चुनाव में प्रत्याशी भगवत कोहली के समर्थन में सघन प्रचार अभियान अभियान आरंभ कर दिया है।
उत्तराखण्ड परिवर्तन पार्टी के केन्द्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, महासचिव एडवोकेट नारायण राम, पार्टी उपाध्यक्ष आनंदी वर्मा, पार्टी महासचिव नरेश नौड़ियाल, अल्मोड़ा की नगर अध्यक्ष हीरा कोहली के नेतृत्व में अलग अलग टीमों का गठन कर अलग अलग क्षेत्रों में प्रचार अभियान चलाया।इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने संकल्प पत्र व पार्टी चुनाव चिन्ह के वितरण के साथ ही जनता के छोटे- छोटे समूहों को भी जगह जगह पर संबोधित किया। इस अवसर पर परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष पीसी तिवारी ने गरुड़, बैजनाथ, गागरीगोल, और बागेश्वर गरुड़ में नुक्कड़ सभाएं कर जनता को संबोधित करते हुए कार्पोरेट परस्त भाजपा और कांग्रेस पर हमला करते हुए राज्य की आजादी के 75 साल बाद तथा राज्य गठन के 23 साल बीत जाने के बाद भी राज्य की जनता की आर्थिक बदहाली, बेरोजगारी के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कार्पोरेट चंदे से चलने वाले राजनीतिक दल जनता के हितों के बजाय कार्पोरेट एहसान को चुकाने पर लगी हैं। कार्पोरेट के हक मे नीतियां बनाई जा रही हैं। उत्तराखंड की समस्याओं से इन दलों को कोई लेना- देना नहीं है। ये बस एक दूसरे की असफलताओं के चलते अपनी अपनी बारी का इंतजार करते हैं, राज कर रहे हैं। जनता के हाथ सिर्फ निराशा ही आती है। उत्तराखंड के हितों की रक्षा क्षेत्रीय दलों के द्वारा ही संभव है। जो कार्पोरेट चंदे से नहीं वल्कि राज्य की आम जनता के विश्वास और आर्थिक सहयोग से अपनी गतिविधियों का संचालन करें तथा जनता के हितों के और उम्मीदों के अनुरूप काम कर सकें। किन्तु उत्तराखंड क्रांति दल ने भी राज्य की जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया और सत्ता सुख और निजी लाभ के लिए समय- समय पर कांग्रेस- भाजपा की गोद में बैठकर जन विश्वास खो चुका है। जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य के हित में इसी शून्य को भरने के लिए उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने राजनीति में उतरने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर उन्होंने बागेश्वर की जनता से, छात्रों, नौजवानों से माफिया राज, बेरोजगारी, साम्प्रदायिकता, राज्य के संसाधनों की लूट, राजनीतिक और आर्थिक भ्रष्टाचार के खिलाफ सामाजिक बदलाव, राजनीतिक परिवर्तन व व्यवस्था परिवर्तन के लिए आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि परिवर्तन पार्टी धनबल, झंडे-डंडे और संसाधनों के जोर पर नहीं, बल्कि अपने संकल्पों और कार्य को लेकर जनता के बीच आई है।
सभाओं को, केन्द्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप मधवाल, महासचिव अब्बल सिंह भंडारी, महासचिव नरेश नौडियाल, महासचिव एडवोकेट नारायण राम ने भी संबोधित किया।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के संकल्पों, संघर्षों और कार्यक्रमों को लेकर पर्चा बांटकर प्रत्याशी भागवत कोहली के समर्थन की अपील भी जनता से की गई।