109 total views

अल्मोड़ा, 10 फरवरी 2023कुमाऊं एवं गढ़वाल की मिश्रित संस्कृति के लिए प्रसिद्ध गेवाड़ घाटी (चौखुटिया) में अग्नेरी मंदिर के प्रांगण में तीन दिवसीय कृषि एवं सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ धूम धाम से हुआ।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक मदन सिंह बिष्ट ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाॅक प्रमुख किरन बिष्ट ने की। इस तीन दिवसीय कृषि एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन नगर पंचायत चौखुटिया के सहयोग से गेवाड़ कृषि एवं सांस्कृतिक महोत्सव समिति द्वारा किया जा रहा है।
इस महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा भव्य झाॅकिया प्रस्तुत की गयी साथ ही स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण, पर्यावरण महत्व, वन संरक्षण समृद्ध संस्कृति, स्थानीय उत्पादों, माॅ नन्दादेवी डोला सहित अन्य कार्यक्रमों की झाॅकी भी प्रस्तुत की गई।
इस दौरान स्थानीय विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि इस तरह के आयोजन से स्थानीय संस्कृति के संरक्षण को बढ़ावा मिलता है तथा लोगों को अपनी संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिलता है। उन्होंने इसके लिए समस्त क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दी।
जिलाधिकारी वंदना ने कहा कि गेवाड घाटी में इस तरह का यह पहला आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने इस आयोजन के लिए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। साथ ही उन्होंने आयोजन में आए लोगों से अपील की है कि यहां लगे विभागीय स्टालों के माध्यम से अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस कार्यक्रम में महिला मंगल दलों एवं लोक कलाकारों ने अपनी सुंदर सुंदर प्रस्तुतियां देकर सबको मंत्रमुग्ध किया।
झांकियों में विकासखंड द्वाराहाट के टोढरा निवासी पूर्ण चंद्र भट्ट द्वारा उगाई गई 8 किलो की मूली तथा चौखुटिया ब्लॉक के खजूरानी निवासी यशवंत सिंह रौतेला द्वारा उगाई गई 7.5 किलो की गडेरी आकर्षण का केंद्र रही।
विभागीय स्टालों से लोगों ने लाभ उठाया। होम्योपैथी विभाग के स्टाल से 110 लोगों को दवाएं दी गई, समाज कल्याण विभाग के माध्यम से 5 दिव्यांगो को सहायक उपकरण दिए गए, आयुर्वेद विभाग द्वारा 71 लोगों को दवाएं दी गई। आपूर्ति विभाग ने 5 लोगों के बीपीएल प्रमाण पत्र बनाए, समाज कल्याण विभाग के माध्यम से 16 लोगों की पेंशन लगाई गई।
इस कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख किरन बिष्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कांता रावत, मुख्य विकास अधिकारी अंशुल सिंह, उपजिलाधिकारी जय वर्धन शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.