94 total views
अल्मोड़ा, 26 जनवरी 2023 भारत का 74 वां गणतंत्र दिवस जनपद भर में बड़ी धूम धाम से मनाया गया। गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जिलाधिकारी वंदना ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया तथा कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई तथा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। इस दौरान कई वक्ताओं ने अपने अपने विचार रखे। जिलाधिकारी वंदना ने समस्त जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाइयां एवं शुभकनाएं दी।
इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा संविधान हमारे शासन प्रशासन का आधार है। उन्होंने सभी से संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए संविधान का आदर करने एवं संविधान के आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में होने के नाते हम सबको संविधान की उद्देशिका में निहित वाक्यों एवं शब्दों के अनुरूप जनता की समस्याओं को समझते हुए उनका निदान करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि हम ऐसा करते हैं तो हमारे स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान निर्माताओं के प्रति यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कहा कि अपने अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करें और देश एवं राज्य के विकास में अपना अपना योगदान दें।
इस अवसर पर अपरजिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया ने भी सभी जनपदवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस दौरान मुख्य कोषाधिकारी हेमेंद्र गंगवार समेत कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।